करीब एक घंटे तक चला हाईवोल्टेज ड्रामा, परिजनों के मानने पर सुरक्षित नीचे उतरी
सगड़ी, आजमगढ़। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के राजूपट्टी गांव के पास रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विवाह की मांग को लेकर एक युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती को टावर पर चढ़ा देख मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवती को समझाकर सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद परिजनों के विवाह के लिए तैयार होने पर युवती टावर से नीचे उतरने को राजी हुई।

जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 11 बजे राजूपट्टी गांव के पास स्थित मोबाइल टावर पर प्रीति नाम की युवती अपने भाई के साले राहुल निवासी समेंदा से विवाह की मांग को लेकर चढ़ गई। देखते ही देखते युवती टावर पर काफी ऊंचाई तक पहुंच गई। घटना की जानकारी होते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को नीचे उतरने के लिए समझाने लगी। ग्रामीणों ने भी उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन युवती काफी देर तक नीचे आने को तैयार नहीं हुई। इस दौरान वह मोबाइल फोन पर लगातार किसी व्यक्ति से बातचीत करती रही। वह किससे और क्या बातचीत कर रही थी, इसकी तत्काल जानकारी नहीं हो सकी।
युवती के टावर पर रहने से पुलिस और ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई। पुलिसकर्मियों ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए युवती को शांतिपूर्वक नीचे उतरने के लिए समझाया। करीब एक घंटे तक चले प्रयास के बाद युवती नीचे उतरने को तैयार हुई।

सुरक्षित नीचे उतरने के बाद पुलिस युवती को अपने साथ जीयनपुर कोतवाली ले गई। जीयनपुर कोतवाल संजय सिंह ने बताया कि युवती के परिजन विवाह के लिए तैयार हो गए हैं। इसके बाद परिजन युवती को अपने साथ घर ले गए।








