best news portal development company in india

वडनगर से वाराणसी जा रही सेवा संकल्प यात्रा का आजमगढ़ में भव्य स्वागत

SHARE:

वडनगर से वाराणसी जा रही सेवा संकल्प यात्रा का आजमगढ़ में भव्य स्वागत

आजमगढ़, 05 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत गुजरात के वडनगर से वाराणसी जा रही यात्रा का आजमगढ़ में विभिन्न स्थानों पर भव्य स्वागत किया गया। यात्रा के दौरान लालगंज और आजमगढ़ लोकसभा क्षेत्रों की विभिन्न विधानसभाओं में सेवा, स्वच्छता, वृक्षारोपण, जनसंवाद और लाभार्थी संपर्क सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए गए।

यात्रा का उद्देश्य पवित्र जल के आदान-प्रदान के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मभूमि वडनगर और कर्मभूमि काशी को जोड़ना तथा गांवों और शहरों में सेवा, विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर संवाद स्थापित करना है।

यात्रा के दौरान जनसंपर्क, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, मंदिरों में दर्शन-पूजन, लाभार्थियों से संपर्क, स्वास्थ्य परीक्षण, फल वितरण और चौपाल जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। यात्रा में एलईडी वाहन, प्रचार सामग्री और संवाद टीम भी शामिल है।

फूलपुर में हुआ यात्रा का पड़ाव

रूट-5 के तहत यात्रा फूलपुर नगर के जगदीशपुर पहुंची। यहां नगर भ्रमण, वृक्षारोपण और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क किया गया। इसके बाद विकासखंड लालगंज की ग्राम पंचायत गोमाडीह में भजन-कीर्तन और रात्रि विश्राम का कार्यक्रम हुआ।

निजामाबाद में दुर्वासा ऋषि स्थल से ब्लैक पॉटरी तक कार्यक्रम

रूट-7 के तहत निजामाबाद में यात्रा ने दुर्वासा ऋषि स्थल पर दर्शन-पूजन, जलपान और वृक्षारोपण किया। इसके बाद निजामाबाद बाजार में भजन-कीर्तन एवं रात्रि विश्राम हुआ। यात्रा के दौरान शीतला माता मंदिर की साफ-सफाई, ओडीओपी ब्लैक पॉटरी निर्माण स्थल का भ्रमण और गुरुद्वारा साहिब में दर्शन भी किए गए।

अतरौलिया में कैलाश्वर धाम पर दर्शन-पूजन

रूट-10 के तहत यात्रा डाक बंगला अतरौलिया पहुंची। यहां कैलाश्वर धाम में दर्शन-पूजन, वृक्षारोपण और योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क किया गया। स्थानीय लोगों के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवा गतिविधियों को लेकर संवाद भी किया गया।

कप्तानगंज से भंवरनाथ मंदिर पहुंची यात्रा

आजमगढ़ लोकसभा क्षेत्र में यात्रा तरही डिग्री कॉलेज, कप्तानगंज पहुंची, जहां वृक्षारोपण और ठहराव का कार्यक्रम हुआ। इसके बाद यात्रा कंधरापुर बाजार होते हुए भंवरनाथ मंदिर पहुंची और बाबा भंवरनाथ के दर्शन-पूजन किए। इसके बाद भाजपा जिला कार्यालय में कार्यक्रम हुआ तथा सिधारी स्थित श्री मन मंगलम मैरिज हॉल में यात्रा का ठहराव हुआ।

06 अक्टूबर को होंगे विभिन्न कार्यक्रम

मुख्य विकास अधिकारी के अनुसार 6 अक्टूबर को श्री दुर्गा जी डिग्री कॉलेज, चंडेश्वर में स्वच्छता कार्यक्रम, राजकीय मेडिकल कॉलेज में सेवा यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं मरीजों में फल वितरण, ठेकमा के नरेहथा में लाभार्थी संपर्क तथा तरवां में चौपाल और यात्रा अनुभव साझा करने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके बाद मेहनाजपुर बाजार स्थित प्राचीन शिव मंदिर में पूजन-अर्चन एवं दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा।

यात्रा के दौरान संबंधित क्षेत्र के एसडीएम, बीडीओ, अधिशासी अधिकारी और अन्य अधिकारियों की भूमिका रही। आयोजकों के अनुसार यह यात्रा सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जनभागीदारी और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी को गांव-गांव तक पहुंचाने का माध्यम बन रही है।

Leave a Comment