आजमगढ़ में पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, मानुष पारीक बने एसपी सिटी, मधुवन कुमार सिंह को हापुड़ भेजा
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश शासन ने पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर आईपीएस अधिकारियों के स्थानांतरण किए हैं। तबादला सूची में आजमगढ़ से जुड़े अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। इस फेरबदल के बाद आजमगढ़ के शहरी क्षेत्र की पुलिस व्यवस्था की कमान अब आईपीएस मानुष पारीक संभालेंगे।
स्थानांतरण के तहत एसपी ग्रामीण आजमगढ़ चिराग जैन का तबादला कर उन्हें पुलिस अधीक्षक नगर, बरेली बनाया गया है। वहीं बरेली में पुलिस अधीक्षक नगर के पद पर तैनात मानुष पारीक को पुलिस अधीक्षक नगर, आजमगढ़ की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा आजमगढ़ के पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह का तबादला करते हुए उन्हें पुलिस अधीक्षक, हापुड़ बनाया गया है। चिराग जैन वर्ष 2020 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं, जबकि मानुष पारीक भी आरआर-2020 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं।
मंडल के अन्य जिलों में भी बदलाव
आजमगढ़ मंडल के मऊ जनपद में भी पुलिस विभाग में बदलाव किया गया है। पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर को पुलिस अधीक्षक, लोक शिकायत, मुख्यालय पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश, लखनऊ भेजा गया है। उनके स्थान पर 04वीं वाहिनी पीएसी प्रयागराज के सेनानायक सर्वेश कुमार मिश्रा को पुलिस अधीक्षक मऊ बनाया गया है।
इसी तरह गाजीपुर के एसपी ईरज राजा को पुलिस अधीक्षक बलिया और जालौन के एसपी विनय कुमार सिंह को पुलिस अधीक्षक गाजीपुर बनाया गया है। बलिया के एसपी ओमवीर सिंह को एसपी बस्ती तथा बस्ती के एसपी यशवीर सिंह को एसपी जौनपुर की जिम्मेदारी दी गई है जौनपुर के एसपी कुंवर अनुपम सिंह को पुलिस अधीक्षक, पीएसी मुख्यालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ भेजा गया है।
इसके साथ ही शासन की स्थानांतरण सूची में कई अन्य वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया गया है।







