मुख्य चुनाव आयुक्त और गृह मंत्री के खिलाफ नारेबाजी, SIR प्रक्रिया बंद करने की मांग
जमुई के गिद्धौर से एमडी सद्दाम अंसारी की रिपोर्ट।
जमुई/गिद्धौर। गिद्धौर प्रखंड मुख्यालय से बुधवार को महागठबंधन कार्यकर्ताओं ने SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रखंड अध्यक्ष शिवनंदन यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मिंटो टावर चौक के पास प्रधानमंत्री का पुतला फूंका और केंद्र सरकार, गृह मंत्री तथा मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “गद्दी छोड़, भारत छोड़ो”, “भारत का प्रधानमंत्री मुर्दाबाद” और “गृह मंत्री मुर्दाबाद” जैसे नारे लगाए। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि SIR प्रक्रिया के जरिए मतदाता सूची से लोगों के नाम हटाए जा रहे हैं, जिससे आगामी चुनाव में भाजपा को फायदा पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।
महागठबंधन कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने और SIR प्रक्रिया को तत्काल बंद करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए और इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक बताया।
प्रदर्शन में शिवनंदन यादव, सुरेश यादव, मनीष यादव, राजीव यादव, भागीरथ यादव, पवन कुमार, इंद्रदेव कुमार, दिलीप मुखिया समेत दर्जनों महागठबंधन कार्यकर्ता मौजूद रहे। मौके पर गिद्धौर पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद रहे।








