आजमगढ़: विद्यालय से गैस सिलेंडर और कोचिंग सेंटर से साइकिल चोरी करने का आरोपी गिरफ्तार
आजमगढ़। जनपद की थाना कप्तानगंज पुलिस ने विद्यालय से गैस सिलेंडर चोरी और कोचिंग सेंटर से साइकिल चोरी के मामलों में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की तीन साइकिलें और एक खाली गैस सिलेंडर बरामद किया है।
पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 3 अगस्त 2026 को प्राथमिक विद्यालय धनावाँखास के रसोईघर का ताला तोड़कर गैस सिलेंडर चोरी कर लिया गया था। इस मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना कप्तानगंज में मुकदमा अपराध संख्या 265/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(e) और 331(4) में मुकदमा दर्ज किया गया था विवेचना के दौरान साइकिल चोरी की घटनाओं के संबंध में भी शिकायतें प्राप्त हुईं और मामले में विनोद यादव का नाम सामने आया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कप्तानगंज पुलिस ने 9 अक्टूबर 2026 की रात करीब एक बजे चेवता जाने वाली सड़क से आरोपी विनोद यादव (45 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय लालधारी यादव, निवासी ग्राम गोपालपुर, थाना कप्तानगंज, आजमगढ़ को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की तीन साइकिलें तथा एक खाली गैस सिलेंडर बरामद किया गया। मामले में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस टीम: वरिष्ठ उपनिरीक्षक गंगाराम बिंद, उपनिरीक्षक अमन तिवारी एवं हमराह पुलिस बल।








