नवरात्र के प्रथम दिन पुलिस लाइन से निकली रैली, महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन एवं अधिकारों के प्रति किया गया जागरूक
आजमगढ़, 12 अक्टूबर 2026। शारदीय नवरात्र के प्रथम दिवस पर मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत आजमगढ़ में महिला सशक्तिकरण एवं जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
पुलिस लाइन से निकली इस रैली को अपर जिलाधिकारी नरेंद्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज कुमार श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी लालगंज आस्था जायसवाल और क्षेत्राधिकारी सदर कौस्तुभ त्रिपाठी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम में 800 से अधिक महिलाओं सहित विभिन्न विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, एनसीसी कैडेट्स और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की रैली का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनकी सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनने के लिए प्रेरित करना रहा। इस दौरान महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।

शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी रैली
जागरूकता रैली पुलिस लाइन आजमगढ़ से प्रारंभ होकर चौकी सिविल लाइंस, कलेक्ट्रेट भवन, अग्रसेन चौराहा और घंटाघर होते हुए पुनः पुलिस लाइन पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के माध्यम से आमजन को महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार अपनाने, उनकी सुरक्षा के प्रति संवेदनशील रहने और महिला सशक्तिकरण में अपनी भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।

विभिन्न विभागों और शैक्षणिक संस्थानों ने की सहभागिता
कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी सुबोध कुमार सिंह, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आलेन्द्र कुमार, चाइल्डलाइन से संत शाही, शिक्षा विभाग के प्रतिनिधि, महादेवी विद्यालय सिधारी एवं सेंट जेवियर्स स्कूल के विद्यार्थी, एनसीसी कैडेट्स, नर्सिंग स्टूडेंट्स और मिशन शक्ति से जुड़ी गैर-सरकारी संस्था के सदस्य शामिल हुए। यातायात पुलिस निरीक्षक संजय कुमार पाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे।

महिलाओं को अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश
रैली के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी प्रकार की समस्या, उत्पीड़न या असुरक्षा की स्थिति में निडर होकर आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही, आवश्यकता पड़ने पर पुलिस और संबंधित विभागों से सहायता लेने का संदेश भी दिया गया
जनपद पुलिस के अनुसार, महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने और महिला सुरक्षा व सशक्तिकरण के प्रति जन-जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत आयोजित यह रैली इसी दिशा में जागरूकता बढ़ाने की एक पहल रही।








