एंटी रोमियो स्क्वाड की कार्रवाई: 1,206 व्यक्तियों की चेकिंग, 785 को चेतावनी; स्टंटबाजी करने वाले 87 वाहनों का चालान

आजमगढ़। शारदीय नवरात्रि एवं मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत आजमगढ़ पुलिस महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चला रही है। 16 अक्टूबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जनपद के 26 थानों में 102 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर कुल 3,217 महिला एवं पुरुषों को जागरूक किया गया। वहीं, एंटी रोमियो स्क्वाड ने 68 स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाकर 1,206 व्यक्तियों की जांच की।

महिलाओं और बालिकाओं को दी गई हेल्पलाइन की जानकारी
अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन और पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र के निर्देशानुसार तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अभियान संचालित किया जा रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक यातायात एवं मिशन शक्ति के नोडल अधिकारी पंकज श्रीवास्तव तथा क्षेत्राधिकारी लालगंज आस्था जायसवाल के नेतृत्व और पर्यवेक्षण में पुलिसकर्मियों ने विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।

जनपद के 68 ग्राम पंचायतों एवं वार्डों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान स्कूलों, कॉलेजों, शिक्षण संस्थानों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन तथा सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

इस दौरान महिला हेल्पलाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, महिला हेल्पलाइन 181 और आपातकालीन सेवा 112 सहित विभिन्न उपयोगी हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया गया।

3,217 लोगों को किया गया जागरूक
पुलिस की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, अभियान के तहत 2,305 महिलाओं एवं बालिकाओं और 912 पुरुषों सहित कुल 3,217 लोगों को जागरूक किया गया। जागरूकता सामग्री की 1,408 मुद्रित प्रतियां तथा 21 ऑनलाइन सॉफ्ट कॉपी भी वितरित की गईं।

एंटी रोमियो स्क्वाड ने की चेकिंग

महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एंटी रोमियो स्क्वाड ने 68 स्थानों पर अभियान चलाकर 1,206 व्यक्तियों की चेकिंग की। इस दौरान 785 व्यक्तियों को चेतावनी दी गई। इसके अलावा, सार्वजनिक स्थानों पर स्टंटबाजी करने वाले 87 वाहनों का चालान किया गया तथा दो वाहनों से ब्लैक फिल्म उतरवाई गई।

पुलिस ने 392 निजी टैक्सी एवं अन्य वाहनों की चेकिंग कर उनका सत्यापन भी किया।

आजमगढ़ पुलिस का कहना है कि मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के लिए जागरूकता कार्यक्रमों के साथ-साथ प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी है।








