best news portal development company in india

आजमगढ़ सड़क हादसे के आरोपी चालक को पुलिस ने किया गिरफ्तार, जाम-पथराव मामले में 10 नामजद समेत 60-70 अज्ञात पर मुकदमा

SHARE:

मुबारकपुर के गुजरपार में हादसे के बाद मुख्य मार्ग पर हुआ था हंगामा, पुलिस से धक्का-मुक्की और ईंट-पत्थर चलाने का आरोप

आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गुजरपार में सड़क दुर्घटना के मामले में पुलिस ने इडिका कार के चालक हिमांशु सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। वहीं, दुर्घटना के बाद सड़क जाम करने, पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की एवं गाली-गलौज करने और पथराव करने के आरोप में 10 नामजद सहित 60-70 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

सड़क दुर्घटना में दंपती घायल

पुलिस के अनुसार, 11 अक्टूबर 2026 को गुजरपार गांव में इडिका चार पहिया वाहन की टक्कर से मुन्नीलाल पुत्र बरखू घायल हो गए थे, जबकि उनकी पत्नी सुमन देवी गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। इस मामले में विपिन कुमार की तहरीर पर थाना मुबारकपुर में मुकदमा संख्या 364/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में अभियोग दर्ज किया गया था।

वाहन चालक गिरफ्तार, न्यायालय भेजा गया

मामले में कार्रवाई करते हुए मुबारकपुर पुलिस ने 15 अक्टूबर 2026 को आरोपी चालक हिमांशु सिंह (28 वर्ष), पुत्र अरुण कुमार सिंह, निवासी ग्राम गुजरपार, थाना मुबारकपुर, जनपद आजमगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय भेज दिया गया।

सड़क जाम के दौरान पथराव का आरोप

पुलिस के मुताबिक, 13 अक्टूबर को दुर्घटना के बाद गुजरपार बाजार चौराहे पर कुछ लोगों ने मुबारकपुर-जीयनपुर मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात बाधित हो गया। मौके पर मौजूद उपनिरीक्षक नौशाद अहमद और पुलिसकर्मियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान कुछ लोगों ने पुलिस बल के साथ धक्का-मुक्की और गाली-गलौज करते हुए ईंट-पत्थर चलाए।

इससे एंबुलेंस, रोडवेज बसों, ट्रकों और आम नागरिकों का आवागमन प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक मुबारकपुर अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जाम हटवाकर यातायात बहाल कराया।

10 नामजद समेत 60-70 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा

उपनिरीक्षक नौशाद अहमद की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा संख्या 369/2026 दर्ज किया है। इसमें बीएनएस की विभिन्न धाराओं तथा 7 सीएलए एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

नामजद आरोपियों में हरिकेश पुत्र निहोर, प्रकाश पुत्र बेचन, गोविन्द पुत्र स्व. सोहित, विजय पुत्र शंकर, सुनील राम पुत्र बालचन्द, अनिल राम पुत्र बालचन्द, इन्द्रदेव राम पुत्र निर्मल, रामचन्दर पुत्र बेचन, नागेन्द्र यादव पुत्र स्व. रामबदन यादव और सूबेदार पुत्र लालधर शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम गुजरपार, थाना मुबारकपुर, जनपद आजमगढ़ के निवासी बताए गए हैं। इनके अलावा 60-70 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, मामले की विवेचना उपनिरीक्षक विवेक सिंह कर रहे हैं। अन्य अज्ञात व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

Pelli Poola Jada
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई