best news portal development company in india

आजमगढ़ ज्वेलरी चोरी कांड में बड़ा खुलासा, चोरी के आभूषण खरीदने वाले दो सोनार गिरफ्तार

SHARE:

मिर्जापुर और प्रयागराज के रहने वाले आरोपियों के कब्जे से चोरी की चार चांदी की पायल बरामद, खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी

आजमगढ़, 17 अक्टूबर 2026। निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा चौक स्थित ओम ज्वेलर्स में हुई चोरी के मामले में आजमगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी के आभूषण खरीदने के आरोप में दो सोनारों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी की चार चांदी की पायल बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के नाम अंतरराज्यीय चोर गिरोह के सदस्यों से पूछताछ के दौरान सामने आए थे।

पहले पांच आरोपी हुए थे गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, 24/25 सितंबर 2026 की रात फरिहा चौक स्थित ओम ज्वेलर्स का शटर तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और 60 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए गए थे। इस मामले में निजामाबाद थाने में मुकदमा संख्या 240/2026 के तहत बीएनएस की धारा 305(ए) और 331(4) में मुकदमा दर्ज किया गया था।

घटना के अनावरण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत 16 अक्टूबर को आजमगढ़ पुलिस ने तरवां और निजामाबाद थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय चोर गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उनके कब्जे से लगभग 9.3 किलोग्राम चांदी के आभूषण, अवैध असलहे-कारतूस, चोरी में इस्तेमाल किए गए उपकरण और बिना नंबर प्लेट की अर्टिगा कार बरामद की थी। पुलिस के अनुसार, कार चोरी के आभूषण बेचकर प्राप्त धनराशि से खरीदी गई थी।

मुखबिर की सूचना पर मोहम्मदपुर नहर पुलिया से गिरफ्तारी

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में 17 अक्टूबर को निरीक्षक जयप्रकाश यादव और उपनिरीक्षक चिरांशु मिश्रा की टीम चोरी के आभूषण खरीदने के मामले में प्रकाश में आए आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि दोनों आरोपी मोहम्मदपुर नहर पुलिया के पास मौजूद हैं।

पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो दोनों आरोपी भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी की चार चांदी की पायल बरामद हुईं। पुलिस ने दोनों को सुबह करीब 11:10 बजे हिरासत में लिया।

मिर्जापुर और प्रयागराज के निवासी हैं आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओम प्रकाश खत्री (46), पुत्र दीनानाथ खत्री, निवासी धुंधी कटरा, थाना कोतवाली शहर, जनपद मिर्जापुर तथा आशीष सोनी (27), पुत्र सुरेश सोनी, निवासी कोरांव, जनपद प्रयागराज के रूप में हुई है।

पूछताछ में सामने आया चोरी के आभूषणों की खरीद का मामला

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि सुनील पुत्र छोटक, निवासी तेन्दुआ खुर्द, थाना लालगंज, जनपद मिर्जापुर, उनके यहां चोरी के आभूषण बेचता था। आरोपियों के अनुसार, करीब 15 दिन पहले भी उसने चोरी के आभूषण बेचे थे और वाहन खरीदने के नाम पर अग्रिम धनराशि ली थी।

पुलिस के अनुसार, शेष आभूषण देने के लिए उन्हें आजमगढ़ बुलाया गया था, लेकिन यहां पहुंचने पर उन्हें पता चला कि सुनील जेल जा चुका है। अब पुलिस चोरी के आभूषणों की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य तथ्यों और इसमें शामिल संभावित लोगों के संबंध में जांच कर रही है।

इन धाराओं में दर्ज है मुकदमा

इस मामले में थाना निजामाबाद में मुकदमा संख्या 240/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(ए), 331(4), 317(2) और 317(4) में कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम: निरीक्षक जयप्रकाश यादव, उपनिरीक्षक चिरांशु मिश्रा, कांस्टेबल रवि मौर्य, कांस्टेबल शाश्वत त्रिपाठी और कांस्टेबल अभिषेक सिंह।

आजमगढ़ पुलिस के अनुसार, चोरी की घटनाओं का खुलासा करने और चोरी के माल की खरीद-फरोख्त में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कार्रवाई जारी है।

Leave a Comment

Pelli Poola Jada
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई