आजमगढ़। एसएन कॉन्वेंट स्कूल समेत तीन स्थानों पर मिशन शक्ति और साइबर जागरूकता अभियान, छात्र-छात्राओं को किया सतर्क
आजमगढ़ | 19 अक्टूबर 2026।।आजमगढ़ में मिशन शक्ति फेज-6.0 एवं साइबर जागरूकता अभियान के तहत थाना सिधारी पुलिस ने डेंटल कॉलेज इटौरा, रेलवे स्टेशन आजमगढ़ और एसएन कॉन्वेंट स्कूल सहित विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।

इस दौरान छात्र-छात्राओं और आमजन को महिला सुरक्षा, नारी सम्मान, स्वावलंबन तथा साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज श्रीवास्तव के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रमों में पुलिस टीम ने प्रोजेक्टर, पीपीटी और पम्पलेट के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।

डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन ठगी से बचने की दी सलाह
पुलिस ने बताया कि साइबर अपराधी फर्जी पुलिस, सीबीआई या साइबर पुलिस अधिकारी बनकर डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाते हैं और पैसे की मांग करते हैं। इसके अलावा ईमेल फिशिंग, संदिग्ध लिंक, फर्जी ऐप, गिफ्ट और लॉटरी के नाम पर धोखाधड़ी तथा सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती के जरिए होने वाली ठगी के प्रति भी लोगों को सतर्क किया गया आमजन को सलाह दी गई कि वे अपना ओटीपी, पासवर्ड, यूपीआई पिन और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और अनजान स्रोतों से अटैचमेंट डाउनलोड करने से बचें। ईमेल प्राप्त होने पर भेजने वाले की वास्तविक आईडी और डोमेन की जांच अवश्य करें।

महिला सुरक्षा हेल्पलाइन की दी जानकारी
कार्यक्रम में महिला सुरक्षा एवं आपातकालीन सहायता के लिए 1090 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 1930 साइबर क्राइम हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 108 एम्बुलेंस, 102 मातृ एवं शिशु सेवा तथा 101 अग्निशमन सेवा के बारे में जानकारी दी गई पुलिस ने साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराने और भारत सरकार के आधिकारिक पोर्टल www.cybercrime.gov.in का उपयोग करने की जानकारी भी दी।

पुलिस टीम रही मौजूद
जागरूकता कार्यक्रम में महिला उपनिरीक्षक स्मिता गुप्ता, उपनिरीक्षक युवराज सिंह, उपनिरीक्षक धर्मराज यादव सहित थाना सिधारी के पुलिसकर्मी और महिला पुलिसकर्मी मौजूद रहे।








