डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन ठगी और सेक्सटॉर्शन से बचाव के बताए तरीके, हेल्पलाइन 1930 की दी जानकारी
रानी की सराय, आजमगढ़ | 19 अक्टूबर 2026llआजमगढ़ के रानी की सराय कस्बे में सोमवार को थाना साइबर क्राइम पुलिस ने शारदीय नवरात्रि एवं मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के तहत साइबर जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान लोगों को डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, गिफ्ट-लॉटरी के नाम पर धोखाधड़ी और सेक्सटॉर्शन जैसे साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।

पुलिस टीम ने लाउडहेलर और पंपलेट के माध्यम से लोगों को बताया कि साइबर अपराधी फर्जी पुलिस, सीबीआई या साइबर अधिकारी बनकर लोगों को डराते हैं और पैसे की मांग करते हैं। साथ ही सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर वीडियो कॉल रिकॉर्ड करने और ब्लैकमेलिंग के जरिए धन ऐंठने के तरीकों के प्रति भी सतर्क किया गया।

पुलिस ने लोगों को अनजान व्यक्तियों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा निजी फोटो और वीडियो साझा करने से बचने की सलाह दी। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करने या आधिकारिक वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई।
यह अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज श्रीवास्तव के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी अपराध कौस्तुभ त्रिपाठी के नेतृत्व में चलाया गया। अभियान में उपनिरीक्षक रजत सिंह सहित साइबर क्राइम थाना के पुलिसकर्मी मौजूद रहे।








