फूलपुर साइबर हेल्पडेस्क की कार्रवाई, पीड़ित से हुई थी ₹1.20 लाख की ठगी
फूलपुर, आजमगढ़ | 19 अक्टूबर 2026।। आजमगढ़ के फूलपुर थाना क्षेत्र में साइबर ठगी के एक मामले में पुलिस की साइबर हेल्पडेस्क ने पीड़ित को 10 हजार रुपये वापस कराए हैं। पीड़ित से विदेश में भाई के फंसे होने का झांसा देकर कुल 1 लाख 20 हजार रुपये की ठगी की गई थी।
पुलिस के अनुसार, ईशापुर निवासी क्षत्रधारी के मोबाइल पर 21 जून 2026 को एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर उनके भाई के विदेश में फंसे होने की बात कही। इस बहाने उनके यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के खाते से 1.20 लाख रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और आधिकारिक पोर्टल cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत मिलने के बाद थाना फूलपुर साइबर हेल्पडेस्क ने संबंधित बैंक को नोटिस भेजकर ठगी से जुड़े खाते को होल्ड कराया। इसके बाद बैंक के नोडल अधिकारी से संपर्क कर नियमानुसार कार्रवाई की गई, जिसके परिणामस्वरूप पीड़ित के खाते में 10 हजार रुपये वापस कराए गए।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक दयानंद और महिला आरक्षी पूजा पाण्डेय शामिल रहीं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। किसी अनजान व्यक्ति के बताए आपातकालीन कारणों से घबराकर पैसे ट्रांसफर न करें और पहले संबंधित व्यक्ति से सीधे संपर्क कर जानकारी की पुष्टि करें।








