चौको बाजार में पुराने मुकदमे में सुलह न करने की रंजिश में हुआ था हमला, पुलिस ने रजादेपुर चौराहे से दबोचा
जीयनपुर, आजमगढ़। चौको बाजार में जानलेवा हमले के मामले में जीयनपुर थाना पुलिस ने एक और वांछित आरोपी छोटू उर्फ विकास माली को गिरफ्तार किया है। इससे पहले इसी मुकदमे में पुलिस मुठभेड़ के दौरान अंकित यादव घायल अवस्था में गिरफ्तार हुआ था। उसके कब्जे से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद हुए थे।
पुराने मुकदमे में सुलह न करने पर हमले का आरोप
पुलिस के अनुसार, 19 अक्टूबर 2026 को रामप्रसाद यादव ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि पुराने मुकदमे में सुलह न करने की रंजिश को लेकर सत्यम यादव और अन्य आरोपियों ने उन्हें तथा उनके भाई प्रशान्त यादव को मोटरसाइकिल से टक्कर मारकर गिरा दिया। इसके बाद लाठी-डंडों से हमला किया गया, जिसमें रामप्रसाद यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। इस मामले में जीयनपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
रजादेपुर चौराहे से गिरफ्तारी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने 22 अक्टूबर को छोटू उर्फ विकास माली (27), निवासी चौको खुर्द, थाना जीयनपुर को रजादेपुर चौराहे के पास से गिरफ्तार किया। कार्रवाई उपनिरीक्षक जाफर खां और पुलिस टीम ने प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह के नेतृत्व में की।
मुठभेड़ में अंकित यादव हुआ था गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, इसी मुकदमे में वांछित अंकित यादव पुत्र लक्ष्मीकान्त यादव, निवासी कटियारी, थाना घोसी, जनपद मऊ को 22 अक्टूबर की सुबह करीब 3:38 बजे अम्मा आईमा मोड़ से धनछुला मार्ग पर पुलिया के पास पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया था। उसके कब्जे से .315 बोर का एक अवैध देशी तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ था। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल, आजमगढ़ भेजा गया था पुलिस के अनुसार, मामले में दोनों आरोपियों के संबंध में नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। मुठभेड़ और अवैध असलहा बरामदगी के संबंध में भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई प्रचलित है।








