रेलवे व बस स्टेशन पर परीक्षार्थियों के हितार्थ लगाई गई होर्डिंग ,सभी परीक्षा केदो की दूरी, लोकेशन अन्य महत्वपूर्ण जानकारी अंकित
पीईटी परीक्षा को निष्पक्ष, नकलविहीन एवं सकुशल सम्पन्न कराने के लिए जिलाधिकारी , एसएसपी ने भ्रमण कर परीक्षार्थियों से किया संवाद, परीक्षार्थियों के हितार्थ सभी आधारभूत सुविधाएं होगी उपलब्ध
आजमगढ़, 24 अक्टूबर 2026// उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग लखनऊ द्वारा दिनांक 25 व 30 अक्टूबर, एवं 01 नवम्बर 2026 को दो पॉलियों में (पूर्वान्ह 10 बजे से 12 बजे तक व अपरान्ह 03 बजे से 05 बजे तक) जनपद के निर्धारित 30 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित होने वाली प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) 2026 की लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, नकलविहीन, निर्विघ्न एवं सकुशल सम्पन्न कराये जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के मार्गदर्शन व निर्देशन में सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। 30 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित होने वाली उक्त परीक्षा में कुल 13344 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे।

जिलाधिकारी रविंद्र कुमार व एसएसपी डॉ अनिल कुमार ने देर शाम रोडवेज बस स्टेशन पहुंचकर दूसरे जनपदों से आए परीक्षार्थियों से संवाद किया । बस स्टेशन स्थित रैन बसेरा को सक्रिय कर आधारभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। परीक्षार्थियों से संवाद करते हुए उनको अवगत कराया गया कि उनके रहने,खाने, आने जाने,मेडिकल ,परीक्षा केंद्र की दूरी व अन्य सभी आधारभूत सुविधाएं जिला प्रशासन द्वारा सुनिश्चित की गई है।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा टैक्सी व प्राइवेट बस एसोसिएशन से संवाद कर उनको निर्देशित कर दिया गया है कि परीक्षार्थियों को सुरक्षित यात्रा के साथ निर्धारित किराया ही लिया जाए। फूड सेफ्टी विभाग द्वारा खाद्य पदार्थ दुकानदारों को निर्देशित किया गया है कि परीक्षार्थियों को ताजा व स्वच्छ खाद्य पदार्थ ही दिया जाए और ओवरराइटिंग बिल्कुल न हो। रेलवे स्टेशन व बस स्टेशन पर ह़ोडिंग लगाई गई है जिसमें सभी परीक्षा केदो की दूरी ,लोकेशन आदि महत्वपूर्ण जानकारियां अंकित है। सभी परीक्षा केदो पर एंबुलेंस व मेडिकल सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। परीक्षा अवधि में निर्वाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया है। अन्य जनपदों व दूर दराज के क्षेत्रों से आने वाली परीक्षार्थियों के रुकने ठहरने हेतु संबंधित रैन बसेरा को सक्रिय करते हुए आधारभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन द्वारा परीक्षार्थियों के हितार्थ सभी आधारभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई है।
परीक्षा केन्द्रों पर बिजली, साफ-सफाई, शौचालय एवं पेयजल सहित सभी आवश्यक आधारभूत सुविधाएं समय से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक परीक्षा कक्ष में दीवार घड़ी लगाई जाए तथा उसका समय सही समय से मिलान कर लिया जाए।
समस्त केन्द्र व्यवस्थापक परीक्षा को नकलविहीन, निर्विघ्न एवं सकुशल सम्पन्न कराने तथा परीक्षा से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए उत्तरदायी होंगे।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के अन्तर्गत निषेधाज्ञा पूर्व से ही प्रभावी है। इसके दृष्टिगत परीक्षा केन्द्रों के 200 मीटर की परिधि में तथा आवश्यकता पड़ने पर उससे बाहर भी केन्द्र व्यवस्थापक, कक्ष निरीक्षक, परीक्षार्थियों एवं ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के अतिरिक्त अन्य व्यक्तियों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा की तिथियों में परीक्षा केन्द्रों के 200 मीटर की परिधि में तथा आवश्यकता पड़ने पर उससे बाहर भी फोटोस्टेट/कॉपीयर की दुकानें बंद रहेंगी। कोई भी व्यक्ति अथवा परीक्षार्थी शस्त्र या अन्य प्रतिबंधित सामग्री लेकर परीक्षा केन्द्र में प्रवेश नहीं करेगा। परीक्षा केन्द्र परिसर में मोबाइल फोन, पेजर एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा केन्द्रों के आसपास ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग तथा परीक्षा अवधि में पीसीओ, फैक्स, इंटरनेट एवं अन्य प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक संसाधनों का संचालन भी नियमानुसार प्रतिबंधित रहेगा।
उन्होंने उप जिलाधिकारी-सदर, सगड़ी, निजामाबाद एवं बूढ़नपुर को अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत परीक्षा केन्द्रों पर भ्रमणशील रहकर शान्ति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा केन्द्रों का औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए।








