होटल, ढाबों, लॉज और रोडवेज बस स्टैंड पर संदिग्धों की जांच, गो-तस्करी, अवैध शराब व मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के निर्देश
आजमगढ़, 29 अक्टूबर 2026। पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के आदेश एवं अपर पुलिस महानिदेशक, वाराणसी जोन के निर्देशों के अनुपालन में आजमगढ़ पुलिस ने 28/29 अक्टूबर की रात जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक सघन चेकिंग अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के दौरान प्रमुख मार्गों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर बैरियर लगाकर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच की गई। एसएसपी ने स्वयं कई स्थानों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने नरौली तिराहे सहित कई स्थानों पर की चेकिंग
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने थाना सिधारी क्षेत्र के नरौली तिराहे सहित विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर चेकिंग अभियान का निरीक्षण किया। इस दौरान होटल, ढाबों, लॉज, प्रमुख चौराहों और रोडवेज बस स्टैंड पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गहनता से जांच की गई।
एसएसपी ने गो-तस्करी, अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी समेत अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
शहर के प्रमुख स्थानों पर पुलिस की सघन जांच
एसएसपी के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक एवं क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी ने थाना कोतवाली क्षेत्र के पहाड़पुर, हाफिजपुर, रोडवेज सहित विभिन्न स्थानों पर बैरियर लगाकर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच की। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।

वहीं, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज श्रीवास्तव एवं क्षेत्राधिकारी फूलपुर भूपेश कुमार पाण्डेय ने थाना फूलपुर क्षेत्र के शंकर तिराहे तथा थाना सरायमीर क्षेत्र के खेरवा मोड़ सहित विभिन्न स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

सठियांव चौक, देवइत पुल और जीयनपुर में भी चेकिंग
सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर ईश्वर लाल गुर्जर ने थाना मुबारकपुर क्षेत्र के सठियांव चौक के पास संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी लालगंज आस्था जायसवाल ने सर्किल लालगंज के थाना मेहनगर क्षेत्र में देवइत पुल के पास सहित विभिन्न स्थानों पर चेकिंग की। क्षेत्राधिकारी सगड़ी देशराज सिंह ने सर्किल सगड़ी के थाना जीयनपुर सहित अन्य थाना क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों के साथ होटल और ढाबों की भी जांच कराई।

सभी थाना क्षेत्रों में चलाया गया अभियान
जनपद के सभी क्षेत्राधिकारियों ने अपने-अपने सर्किल के अंतर्गत आने वाले थाना क्षेत्रों में तथा थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस बल के साथ सघन चेकिंग अभियान चलाया। प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर बैरियर लगाकर वाहनों की जांच की गई। इसके साथ ही लाउड हेलर के माध्यम से लोगों को सतर्कता एवं सुरक्षा संबंधी आवश्यक निर्देश दिए गए।

पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संदिग्ध गतिविधियों पर निरंतर नजर रखने, अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई करने तथा चेकिंग के दौरान आमजन की सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। अभियान के दौरान आमजन के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

अपराध नियंत्रण के लिए जारी रहेगी निगरानी
आजमगढ़ पुलिस के अनुसार, जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस लगातार चेकिंग एवं निगरानी अभियान चला रही है।

अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को सतर्कता और मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं।








