अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा और जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण पर दिया जोर, आगामी त्योहारों को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश

आजमगढ़, 03 नवंबर 2026। वार्षिक निरीक्षण-2026 के द्वितीय दिवस पर अपर पुलिस महानिदेशक, वाराणसी जोन वाराणसी नवीन अरोड़ा ने जनपद आजमगढ़ के थाना सिधारी का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना कार्यालय के अभिलेखों, मालखाना, हवालात, महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क, सीसीटीएनएस कार्यालय सहित थाना परिसर की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र सुनील कुमार सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक सहित जनपद के अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। इसके अलावा गैर जनपद से आए आईपीएस अधिकारी सम्यक चौधरी (जौनपुर), विक्रम दहिया (चंदौली), राजकुमार मीणा (मिर्जापुर), ऋषभ रुदवाल एवं मेवीस वॉक (सोनभद्र) तथा शुभम अग्रवाल (भदोही) भी उपस्थित रहे।
सलामी गार्द से लेकर अभिलेखों तक का किया निरीक्षण

अपर पुलिस महानिदेशक ने सर्वप्रथम थाना परिसर में सलामी गार्द का निरीक्षण किया। इस दौरान गार्द के टर्नआउट, अनुशासन और सलामी की गुणवत्ता का जायजा लिया। इसके बाद थाना कार्यालय में रखे अपराध रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर, जनशिकायत रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर, भूमि विवाद रजिस्टर सहित अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने सभी अभिलेखों को अद्यावधिक रखने और प्रविष्टियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए उन्होंने मालखाना, माल मुकदमाती और शस्त्रागार का निरीक्षण कर वहां रखे सामान, शस्त्रों एवं कारतूसों की उपलब्धता और सुरक्षित रखरखाव की स्थिति देखी। साथ ही हवालात की सुरक्षा एवं साफ-सफाई का भी जायजा लिया।
महिला और साइबर हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली पर जोर

महिला हेल्प डेस्क एवं साइबर हेल्प डेस्क के निरीक्षण के दौरान पीड़ितों और शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनने तथा प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मिशन शक्ति से संबंधित गतिविधियों और महिला अपराधों में की जा रही कार्रवाई की भी समीक्षा की गई।

सीसीटीएनएस कार्यालय में ऑनलाइन अभिलेखों एवं पोर्टल पर की जा रही प्रविष्टियों की स्थिति देखी गई। इसके अलावा लंबित विवेचनाओं, शिकायती प्रार्थना पत्रों और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी की समीक्षा करते हुए गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण पर जोर दिया गया।
अपराधियों की निगरानी और बीट पुलिसिंग प्रभावी बनाने के निर्देश
थाना परिसर, कार्यालय, बैरक, भोजनालय एवं पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण कर साफ-सफाई और पुलिसकर्मियों को उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली गई। परिसर को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए।इसके साथ ही हिस्ट्रीशीटरों और सक्रिय अपराधियों की निरंतर निगरानी करने, बीट पुलिसिंग को प्रभावी बनाने तथा आपराधिक गतिविधियों की जानकारी समय रहते जुटाकर निरोधात्मक कार्रवाई करने को कहा गया। पुलिसकर्मियों को शस्त्र संचालन का नियमित अभ्यास कराने के निर्देश भी दिए गए।

धनतेरस, दीपावली और छठ पर्व को लेकर विशेष सतर्कता
आगामी धनतेरस, दीपावली एवं छठ पर्व के दृष्टिगत थाना क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों, संवेदनशील स्थानों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर निगरानी रखने के साथ नियमित पैदल गश्त एवं प्रभावी वाहन चेकिंग करने को कहा गया त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने, जाम की स्थिति से बचने, अवैध अतिक्रमण हटवाने तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अवैध शराब और मादक पदार्थों की बिक्री एवं तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने को कहा गया।
फरियादियों से सम्मानजनक व्यवहार करने की हिदायत

अपर पुलिस महानिदेशक ने थाने पर आने वाले फरियादियों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार करने तथा उनकी शिकायतों का निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों की समस्याओं को सुनकर समयबद्ध समाधान करने तथा सभी को अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया,अंत में अपराध नियंत्रण, जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण और आगामी त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय, सतर्कता और पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।







