best news portal development company in india

आजमगढ़ में जनगणना प्रशिक्षण का शुभारम्भ, 22 मई से शुरू होगा मकान सूचीकरण कार्य

SHARE:

जनगणना में (Self Enumeration) स्वगणना की सुविधा भी दी गई…..

आजमगढ़, 16 अप्रैल 2026। जिले में आगामी जनगणना को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी रविन्द्र कुमार के मार्गदर्शन में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/जिला जनगणना अधिकारी गंभीर सिंह ने सर्वोदय पब्लिक स्कूल, हरबंशपुर में जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।

कार्यक्रम के दौरान उप जिलाधिकारी सदर, तहसीलदार सदर तथा विद्यालय के प्रबंधक राजेन्द्र यादव ने जिला जनगणना अधिकारी का स्वागत किया। दीप प्रज्वलन के साथ प्रशिक्षण की शुरुआत हुई। इस अवसर पर मास्टर ट्रेनर्स आकाश राय और कुलभूषण सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

अधिकारियों ने बताया कि जनगणना के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 22 मई से 20 जून तक कराया जाएगा। इसके लिए जनपद की विभिन्न तहसीलों—सदर, सगड़ी, लालगंज, फूलपुर, निजामाबाद, बूढ़नपुर, मेंहनगर और मार्टिनगंज—में अलग-अलग प्रशिक्षण केंद्रों पर प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

प्रशिक्षण स्मार्ट क्लास रूम के माध्यम से फील्ड ट्रेनर्स द्वारा कराया जा रहा है, जिसकी निगरानी मास्टर ट्रेनर्स आकाश राय, कुलभूषण सिंह, अरविंद यादव और सैमुल्लाह अंसारी संयुक्त रूप से कर रहे हैं। इस बार जनगणना प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल बनाया गया है। अधिकारियों के अनुसार, एकत्रित किया गया समस्त डेटा रियल टाइम में सर्वर पर उपलब्ध रहेगा, जिससे पारदर्शिता और गति दोनों सुनिश्चित होंगी।

खास बात यह है कि पहली बार नागरिकों को स्वगणना (Self Enumeration) की सुविधा भी दी गई है। इसके तहत लोग 7 मई से 21 मई तक पोर्टल के माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। प्रशासन ने नागरिकों से इस सुविधा का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की है।

MANOJ GUPTA
Author: MANOJ GUPTA

Leave a Comment