best news portal development company in india

आजमगढ़ में होमगार्ड एनरोलमेंट-2025 परीक्षा की तैयारियां पूरी, 25 से 27 अप्रैल तक 13 केंद्रों पर होगी परीक्षा

SHARE:

जिलाधिकारी के अध्यक्षता में आयोजित बैठक में व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा कर दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश….

आजमगढ़, 17 अप्रैल 2026। जनपद में उत्तर प्रदेश होमगार्ड एनरोलमेंट-2025 परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष और नकल-विहीन संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस संबंध में कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल को जनपद के 13 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक संचालित होगी। प्रत्येक पाली में 5808 अभ्यर्थियों के शामिल होने की व्यवस्था की गई है।

उन्होंने परीक्षा की पारदर्शिता और सुचिता बनाए रखने के लिए कड़े निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा को हर हाल में नकल-विहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए प्रत्येक केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है, जो परीक्षा की निगरानी करेंगे।

बैठक में सभी परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण कराने और वहां पेयजल, शौचालय, बिजली तथा बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रश्नपत्र और अन्य परीक्षा सामग्री को सुरक्षित व समय से केंद्रों तक पहुंचाने की विशेष व्यवस्था की गई है।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और संवेदनशील केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए। परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ न जुटने देने और अभ्यर्थियों को शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) गंभीर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह, मुख्य कोषाधिकारी अनुराग श्रीवास्तव सहित सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

MANOJ GUPTA
Author: MANOJ GUPTA

Leave a Comment

Pelli Poola Jada
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई