best news portal development company in india

आजमगढ़ पुलिस का बड़ा एक्शन: दो मुठभेड़ों में अंतर्राज्यीय चोर व हिस्ट्रीशीटर घायल, गिरफ्तार

SHARE:

फूलपुर कोतवाली क्षेत्र डारिडीहा बैसा गाँव में एक व्यक्ति को गोली मारने वाला हिस्ट्रीशीटर पुलिस कार्रवाई में घायल, गिरफ्तार….

आजमगढ़, 19 अप्रैल 2026। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आजमगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई दो पुलिस मुठभेड़ों में एक अंतर्राज्यीय चोर गिरोह के सदस्य और एक शातिर हिस्ट्रीशीटर को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया। दोनों मामलों में पुलिस टीम पर फायरिंग की गई, जिसके जवाब में आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई में अभियुक्तों के पैर में गोली लगी।

👉 जहानागंज में अंतर्राज्यीय चोर गिरफ्तार

थाना जहानागंज क्षेत्र में पुलिस को उस समय सफलता मिली, जब पीजीआई चक्रपानपुर परिसर में हुई चोरी की घटनाओं के आरोपी की तलाश में सघन चेकिंग की जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर गंभीरवन क्षेत्र में घेराबंदी की गई। इस दौरान संदिग्ध ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने नियंत्रित कार्रवाई की और आरोपी को घायल कर गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान संजय भील उर्फ संजू (निवासी जिला धार, मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। उसके पास से अवैध तमंचा, कारतूस, सोने-चांदी से संबंधित सामग्री, 40 हजार रुपये नकद समेत करीब 6.5 लाख रुपये का माल बरामद किया गया है।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर विभिन्न राज्यों में सरकारी संस्थानों व आवासीय परिसरों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था और आभूषणों को पिघलाकर सिल्ली बना देता था।

👉 फूलपुर में हिस्ट्रीशीटर दबोचा गया

वहीं थाना फूलपुर क्षेत्र में पुलिस ने जानलेवा हमले के एक फरार आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। भोरमऊ पुलिया के पास घेराबंदी के दौरान मोटरसाइकिल सवार आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया और मौके पर दबोच लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी केसरी चौहान (निवासी मेहमौनी, थाना कप्तानगंज) है, जिसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, मोटरसाइकिल, मोबाइल और नकदी बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर हत्या, चोरी, एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट समेत 14 से अधिक गंभीर मामले विभिन्न राज्यों में दर्ज हैं। उसने पूछताछ में व्यक्तिगत रंजिश के चलते फायरिंग की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है।

👉 आगे की कार्रवाई जारी

दोनों घटनास्थलों का फील्ड यूनिट द्वारा निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए हैं। घायल अभियुक्तों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।

MANOJ GUPTA
Author: MANOJ GUPTA

Leave a Comment