आजमगढ़ में तपिश से राहत…..
आजमगढ़, 03 मई 2026। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद में रविवार को मौसम ने अचानक करवट ली। जिले के फूलपुर क्षेत्र में सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे और रिमझिम बारिश का दौर जारी है। बारिश के साथ बिजली भी आसमान में कड़क रही है, बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे भीषण गर्मी से लोगों को काफी राहत मिली है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कई दिनों से पड़ रही तेज धूप और उमस के बाद आई इस बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया है। सड़कों पर हल्की फिसलन और जगह-जगह जलभराव की स्थिति भी देखने को मिल रही है, हालांकि किसानों के लिए यह बारिश फायदेमंद मानी जा रही है।

मौसम विभाग के मुताबिक, क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बादलों की सक्रियता बढ़ी है, जिसके चलते, गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। आने वाले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहने के आसार हैं।
प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है, विशेषकर, आसमानी बिजली से बचाव, खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर न जाएं और बिजली गिरने से बचाव के लिए सावधानी बरतें। जलभराव वाले क्षेत्रों और फिसलन भरी सड़कों पर सतर्क रहने को कहा गया है।
👉 यूपी में मौसम अलर्ट: 26 जिलों में बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली की चेतावनी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 26 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही करीब 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। पश्चिमी यूपी के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी आशंका है।
👉 लखनऊ स्थित मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह के अनुसार, पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बारिश का असर अब मैदानी इलाकों में भी दिखाई देने लगा है। उन्होंने बताया कि एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है, जिसके चलते प्रदेश में आंधी और बारिश का दौर शुरू हो गया है। अगले पांच दिनों तक मौसम का यही मिजाज बना रहेगा, जिससे तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
बीते 24 घंटों के दौरान आजमगढ़, मऊ, ललितपुर और कुशीनगर में बारिश दर्ज की गई, जबकि झांसी समेत पांच जिलों में तेज आंधी चली। तापमान की बात करें तो जालौन 43.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा। वहीं, 27 अप्रैल को बांदा में पारा 47.6 डिग्री तक पहुंच गया था। न्यूनतम तापमान बिजनौर में सबसे कम 18.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले चार दिनों में प्रदेश के अधिकांश शहरों में कहीं न कहीं बारिश हुई है। आंधी-बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं में अब तक 17 लोगों की मौत हो चुकी है। अनुमान है कि मई महीने में सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है। शुरुआती 10 दिनों में लगातार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों के कारण लू से राहत मिलने की संभावना जताई गई है









