
बिजली बिलों से परेशान उपभोक्ताओं को राहत, पटवध कौतुक विद्युत उपकेंद्र पर लगा समाधान शिविर
आजमगढ़। भीषण गर्मी और बढ़ती बिजली समस्याओं के बीच पटवध कौतुक विद्युत उपकेंद्र पर उपभोक्ताओं की शिकायतों के निस्तारण के लिए विशेष समाधान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में उपभोक्ता पहुंचे, जहां करीब 60 लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया। इससे उपभोक्ताओं ने राहत महसूस की।
शिविर में सबसे अधिक शिकायतें बिजली बिलों को लेकर सामने आईं। उपभोक्ताओं ने बताया कि पहले जहां मासिक बिल 500 से 700 रुपये तक आता था, वहीं अब अचानक 2 से 3 हजार रुपये तक के बिल भेजे जा रहे हैं। कुछ लोगों ने 8 से 10 हजार रुपये तक के भारी बिल आने की शिकायत दर्ज कराई। लोगों का कहना था कि महंगाई और गर्मी के इस दौर में बढ़े हुए बिजली बिलों ने घरेलू बजट बिगाड़ दिया है।
कई उपभोक्ताओं ने खराब बिजली मीटर की समस्या भी उठाई। गलत रीडिंग की वजह से बढ़े हुए बिल आने की शिकायत पर विभागीय अधिकारियों ने तत्काल मीटर बदलने और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं, कुछ लोगों ने लंबे समय से बिल न बनने की समस्या बताई, जिससे भविष्य में एकमुश्त भारी बिल आने की आशंका बनी हुई थी। ऐसे मामलों का भी शिविर में समाधान किया गया।
उपस्थित अधिकारियों ने उपभोक्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए भरोसा दिलाया कि किसी भी उपभोक्ता के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। लोगों ने विभाग द्वारा लगाए गए इस शिविर की सराहना करते हुए कहा कि समय-समय पर ऐसे कैंप आयोजित होने चाहिए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
इस दौरान उपखंड अधिकारी बिलरियागंज तुषार श्रीवास्तव, अवर अभियंता, अरविंद यादव, बृजभान यादव, मुकेश सिंह, अशोक सिंह समेत अन्य विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की कि बिजली संबंधी किसी भी समस्या के लिए विभागीय कार्यालय से संपर्क करें, ताकि समय रहते समाधान हो सके।








