गैंगस्टर एक्ट के तहत आजमगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सात आरोपी गिरफ्तार
आजमगढ़ पुलिस ने अपराध और संगठित गिरोहों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट में वांछित सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में जिले भर में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जीयनपुर और निजामाबाद थाना पुलिस को यह सफलता मिली।
पुलिस के अनुसार जीयनपुर थाना क्षेत्र में सक्रिय एक गिरोह के तीन सदस्यों जयभीम, राजन कुमार और सुरेंद्र कुमार को गिरफ्तार किया गया। इन पर जेवर चोरी समेत संगठित आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह क्षेत्र में चोरी की कई घटनाओं में संलिप्त रहा है और लंबे समय से पुलिस की निगरानी में था।
वहीं निजामाबाद थाना पुलिस ने चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के चार आरोपियों रोहित चौहान, राहुल चौहान, अभिषेक चौहान और संदीप कुमार को गिरफ्तार किया। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में गैंग बनाकर अपराध करने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही संगठित अपराध में शामिल अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है।








