सोशल मीडिया पर अवैध असलहों का वीडियो वायरल करने वाला एहसान खान नेता गिरफ्तार
आजमगढ़। थाना सरायमीर पुलिस ने सोशल मीडिया पर अवैध असलहों के साथ वीडियो वायरल कर दहशत फैलाने वाले एक चर्चित राजनीतिक चेहरे पुलिस फाइल में हिस्ट्रीशीटर अपराधी दर्ज़ नेता एहसान खान
को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और एससी/एसटी एक्ट समेत 25 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक भुवनेश कुमार चौबे अपनी टीम के साथ वांछित अपराधियों की तलाश में क्षेत्र में भ्रमण कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि थाना सरायमीर का हिस्ट्रीशीटर एहसान खान निवासी ग्राम छित्तेपुर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह अपने पास तीन अवैध असलहे होने की बात कह रहा है। वीडियो वायरल होने से क्षेत्र में भय का माहौल बन गया था।
सूचना के आधार पर पुलिस को पता चला कि आरोपी जौनपुर जनपद के थाना सरायख्वाजा क्षेत्र के बड़ौर गांव में मौजूद है और किसी वारदात को अंजाम दे सकता है। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लेकर थाना सरायमीर लाकर पूछताछ की। पहले आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने बताया कि एक अवैध तमंचा और कारतूस ग्राम छित्तेपुर स्थित सलीम की बाग में बंद पड़े ट्यूबेल में छिपाकर रखे हैं।
इसके बाद पुलिस टीम आरोपी को साथ लेकर मौके पर पहुंची, जहां उसकी निशानदेही पर एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस .315 बोर तथा एक जिंदा कारतूस .303 बोर बरामद किया गया। बरामद असलहों के संबंध में आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने आरोपी एहसान खान पुत्र स्वर्गीय मतीउद्दीन निवासी ग्राम छित्तेपुर थाना सरायमीर को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए न्यायालय भेज दिया। गिरफ्तारी की कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक भुवनेश कुमार चौबे, उपनिरीक्षक विद्याकांत सिंह सहित थाना सरायमीर की पुलिस टीम शामिल रही।








