
थाना समाधान दिवस में SSP और DM ने सुनीं जनसमस्याएं, कई मामलों का मौके पर निस्तारण
आजमगढ़, 23 मई 2026। जनपद के थाना गम्भीरपुर और सरायमीर में शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जहां वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार और जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने आमजन की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

थाना गम्भीरपुर में आयोजित समाधान दिवस के दौरान एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और अधिकतम मामलों का मौके पर निस्तारण कराया। इसके बाद उन्होंने थाना परिसर में निर्माणाधीन प्रशासनिक भवन का भूमि पूजन भी किया।

इसके पश्चात थाना सरायमीर में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार और एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने संयुक्त रूप से जनसुनवाई की। अधिकारियों ने रिक्रूट आरक्षियों के बैरक का औचक निरीक्षण कर साफ-सफाई, अनुशासन और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारियों ने बताया कि समाधान दिवस के दौरान प्राप्त अधिकांश प्रार्थना पत्रों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जबकि राजस्व विभाग से संबंधित मामलों के त्वरित समाधान के लिए पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम को मौके पर भेजा गया है।
इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि पुलिस-प्रशासन जनता की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और निष्पक्ष निस्तारण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।








