घोसी रेलवे स्टेशन के पास मजदूर युवक का शव मिलने से हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी
मऊ/घोसी। घोसी रेलवे स्टेशन के उत्तरी छोर पर रेलवे की खाली पड़ी जमीन के पास सोमवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। मामले की जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शव रेलवे लाइन के किनारे पड़ा था। मृतक के पास एक प्लास्टिक की थैली में कफन का कपड़ा भी मिला, जिससे लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कुछ देर बाद मौके पर पहुंचे एक टेम्पो चालक ने शव की पहचान अपने ममेरे भाई राजेश गोंड निवासी ताजपुर नदवासराय के रूप में की। बताया गया कि राजेश पेशे से राजगीर मजदूर था और दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था।
जानकारी के मुताबिक मृतक रविवार देर शाम पास की शराब की दुकान पर गया था। बताया जा रहा है कि वह अपने एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार के लिए कफन का कपड़ा लेकर जा रहा था। मृतक के भाई सोनू गोंड ने बताया कि राजेश के परिवार में पत्नी समेत दो बेटे और दो बेटियां हैं।
घटना की सूचना पर पहुंचे कोतवाल प्रमेन्द्र कुमार सिंह ने फॉरेंसिक टीम के साथ मौके का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
कोतवाल ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में मृतक के शराब सेवन करने की बात सामने आई है। आशंका जताई जा रही है कि अत्यधिक गर्मी, पानी की कमी और शराब सेवन की वजह से उसकी तबीयत बिगड़ी हो सकती है। हालांकि मौत के सही कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।








