झपटमारी का खुलासा: पुलिस मुठभेड़ में बदमाश घायल, एक किशोर हिरासत में
आजमगढ़ जिले के बिलरियागंज थाना क्षेत्र में हुई झपटमारी की घटना का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि उसके साथ मौजूद एक किशोर को पुलिस ने संरक्षण में लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तमंचा, कारतूस, नगदी, मोबाइल फोन, महिला का बैग और घटना में इस्तेमाल बाइक बरामद की है।
जानकारी के मुताबिक, 23 मई को रौनापार थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला बाजार से ई-रिक्शा से घर लौट रही थीं। रास्ते में बाइक सवार दो युवकों ने उनका बैग झपट लिया और मौके से फरार हो गए। बैग में नकदी और मोबाइल फोन रखा हुआ था। घटना के बाद पीड़िता की शिकायत पर बिलरियागंज थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को बिलरियागंज पुलिस संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि झपटमारी में शामिल आरोपी बाइक से नहर पटरी मार्ग से गुजरने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने नसीरपुर मोड़ के पास घेराबंदी की।
पुलिस के अनुसार, रोकने का प्रयास करने पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल हो गया, जिसकी पहचान फुजैल अहमद निवासी बिलरियागंज के रूप में हुई। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। उसके साथ मौजूद एक किशोर को भी हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
मौके से पुलिस ने अवैध तमंचा, कारतूस, झपटमारी की नकदी, मोबाइल फोन, महिला का बैग और बाइक बरामद की है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में थाना पुलिस की टीम के कई अधिकारी और जवान शामिल रहे। घटना के खुलासे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की है।








