ट्रक की टक्कर से टूटे 6 बिजली खंभे, जेई विनय मौर्य और प्रधान मोहम्मद सऊद की मेहनत से एक दिन में बहाल हुई सप्लाई

आजमगढ़। भीषण गर्मी के बीच मोहम्मदपुर विद्युत उपकेंद्र अंतर्गत मुज़फ्फरपुर फीडर क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बिजली विभाग के छह विद्युत खंभे क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे हजारों उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।
भीषण गर्मी में बिजली गुल होने से लोगों में चिंता बढ़ गई, लेकिन सूचना मिलते ही विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। जेई विनय मौर्य ने कर्मचारियों सनोज, अजीत और अन्य कर्मचारियों के साथ राहत कार्य संभाला। टीम ने लगातार करीब 12 घंटे तक मेहनत कर क्षतिग्रस्त लाइन और खंभों को दुरुस्त करने का काम किया।
बताया जा रहा है कि सामान्य स्थिति में इतने बड़े कार्य को पूरा करने में करीब दो दिन लग सकते थे, लेकिन विभागीय टीम की तत्परता और बेहतर समन्वय के चलते बिजली आपूर्ति एक ही दिन में बहाल कर दी गई। स्थानीय लोगों ने जेई विनय मौर्य की कार्यशैली और जिम्मेदारी की सराहना की।
इस दौरान मुज़फ्फरपुर के ग्राम प्रधान मोहम्मद सऊद भी लगातार मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने क्षेत्र के युवाओं के साथ मिलकर विद्युत कर्मचारियों का सहयोग किया और कार्य को तेजी से पूरा कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। भीषण गर्मी में युवाओं द्वारा किए गए श्रमदान की भी लोगों ने प्रशंसा की।
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि बिजली विभाग की टीम और ग्राम प्रधान के संयुक्त प्रयास से बड़ी समस्या का त्वरित समाधान हुआ, जिससे लोगों को जल्द राहत मिल सकी। स्थानीय जनता ने जेई विनय मौर्य, उनकी टीम, ग्राम प्रधान मोहम्मद सऊद और सहयोग करने वाले सभी युवाओं के प्रति आभार जताया है।








