आजमगढ़-वाराणसी हाईवे पर स्कॉर्पियो हादसा, पांच लोग घायल
आजमगढ़। गंभीरपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर के पास पलट गई, जिससे वाहन में सवार पांच लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस टीम पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा गया।
जानकारी के मुताबिक, हादसा आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर गंभीरपुर थाना से करीब 200 मीटर पहले हुआ। बताया जा रहा है कि वाराणसी की तरफ से आ रही स्कॉर्पियो के चालक को अचानक झपकी आ गई, जिसके कारण वाहन सड़क किनारे गड्ढे में जाकर पलट गया।
दुर्घटना में माला देवी (45) पत्नी विजय कुमार निवासी गौसपुर थाना जलालपुर जनपद अंबेडकरनगर, विजय कुमार (48) पुत्र अद्या प्रसाद निवासी गौसपुर, उषा देवी (54) पत्नी ध्रुव पाठक निवासी मधुपुर अंबेडकरनगर, ध्रुव पाठक (54) पुत्र चंडी पाठक निवासी मधुपुर तथा अंजेश शुक्ला घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए।
सभी घायलों को एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार माला देवी और विजय कुमार की स्थिति ज्यादा गंभीर बताई जा रही है।
गंभीरपुर थाना प्रभारी अमित कुमार त्रिपाठी ने बताया कि स्कॉर्पियो हादसे का शिकार हुई है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया है। मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








