ऑपरेशन “दहन” के तहत आजमगढ़ पुलिस ने नष्ट किए करोड़ों के मादक पदार्थ, 20 पुलिसकर्मी सम्मानित
आजमगढ़। जनपद में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आजमगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये मूल्य के अवैध नशीले पदार्थों का विनष्टीकरण कराया। “ऑपरेशन दहन” के अंतर्गत की गई इस कार्रवाई में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 20 अधिकारी एवं कर्मचारियों को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
पुलिस विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, विभिन्न थानों में पूर्व में बरामद किए गए गांजा, हीरोइन/स्मैक, डायजापाम समेत कुल 864.184 किलोग्राम मादक पदार्थों और करीब 1000 डायजापाम टैबलेट्स का विधिसम्मत तरीके से निस्तारण किया गया। नष्ट किए गए इन नशीले पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब ₹7.35 करोड़ बताई गई है।
यह पूरी कार्रवाई जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में न्यायालय एवं संबंधित प्राधिकरणों की अनुमति के बाद की गई। विनष्टीकरण की प्रक्रिया थाना दीदारगंज क्षेत्र के भादो स्थित मेसर्स सिलिकॉन बायोटेक प्राइवेट लिमिटेड के इंसीनिरेटर प्लांट में पूरी कराई गई। कार्यवाही के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा गया तथा संपूर्ण प्रक्रिया की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई गई।
पुलिस के अनुसार, इसके अलावा विभिन्न थानों में लंबित माल मुकदमाती, लावारिश वाहन, आबकारी और मोटर व्हीकल एक्ट से संबंधित मामलों का भी निस्तारण किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य जनपद में अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार और दुरुपयोग पर प्रभावी रोक लगाना है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा और इस दिशा में बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया जाता रहेगा।








