मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से 12 वर्षीय बालक की मौत, ग्रामीणों में आक्रोश
आजमगढ़। महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के यूसुफपुर (रूपयनपुर) गांव में रविवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 12 वर्षीय बालक की मौत हो गई। मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से बालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आदित्य निषाद (12 वर्ष) अपने घर के सामने सड़क किनारे साइकिल चला रहा था। इसी दौरान मिट्टी लेकर जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि आदित्य की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और परिवार में कोहराम मच गया।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध मिट्टी खनन और ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का संचालन जारी है। उनका कहना है कि तेज रफ्तार से गुजरने वाले ये वाहन लगातार हादसों का कारण बन रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, गांव के रास्तों से गुजरने वाले कई वाहन चालक लापरवाही से वाहन चलाते हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर-ट्रॉली रूपयनपुर निवासी योगेंद्र यादव की है, जिसे उनका पुत्र सत्यम यादव चला रहा था। लोगों ने यह भी दावा किया कि वाहन पर पंजीकरण संख्या अंकित नहीं थी।
मृतक आदित्य अपने दो भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके पिता का तीन वर्ष पूर्व निधन हो चुका है और परिवार की जिम्मेदारी उसकी मां पर ही है। ऐसे में बेटे की असमय मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इस हादसे के बाद ग्रामीणों ने दोषी चालक और वाहन मालिक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए अवैध खनन पर रोक लगाने तथा पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।








