राम मंदिर चंदे पर सियासत तेज करोड़ों रुपये गायब होने के आरोप, अखिलेश ने उठाए सवाल; ट्रस्ट ने किया खंडन
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अयोध्या स्थित श्री राम जन्मभूमि मंदिर के चंदे को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। अखिलेश यादव का आरोप है कि मंदिर के चंदे से करोड़ों रुपये गायब होने की खबरें सामने आ रही हैं, जो करोड़ों राम भक्तों की भावनाओं से जुड़ा बेहद संवेदनशील मामला है। उन्होंने कहा कि यदि चंदे की राशि में गड़बड़ी हुई है तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और न्यायालय को भी इस मामले का संज्ञान लेना चाहिए।
अखिलेश यादव ने ट्रस्ट और सरकार दोनों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस मामले में स्पष्ट जवाब सामने नहीं आ रहे हैं। उनका आरोप है कि न तो ट्रस्ट खुलकर स्थिति स्पष्ट कर रहा है और न ही सरकार की ओर से कोई ठोस प्रतिक्रिया सामने आई है, जिससे लोगों के मन में संदेह पैदा हो रहा है।
हालांकि, दूसरी चंपत राय ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। ट्रस्ट की ओर से कहा गया है कि सभी वित्तीय लेन-देन का नियमित ऑडिट कराया जाता है और अब तक किसी भी ऑडिट रिपोर्ट में धनराशि गायब होने जैसी कोई बात सामने नहीं आई है। ट्रस्ट का कहना है कि मंदिर निर्माण और चंदे से जुड़े सभी कार्य निर्धारित प्रक्रिया के तहत किए जा रहे हैं।
अब सवाल यह है कि क्या यह मामला वास्तव में वित्तीय अनियमितताओं का है या फिर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का नया दौर? फिलहाल आरोप और जवाबी दावों के बीच सच क्या है, यह किसी आधिकारिक जांच या प्रमाणित तथ्य के सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।








