इंस्टाग्राम पर ‘गैंगेस्टर प्रभात 50’ गैंग चलाने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, फूलपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
फूलपुर (आजमगढ़): सोशल मीडिया के माध्यम से गैंग संस्कृति को बढ़ावा देने और युवकों में भय का माहौल बनाने के आरोप में कोतवाली फूलपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रभात राय निवासी धर्मदासपुर, रिशु सोनकर एवं विजय सोनकर निवासी खुटौली के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, ये आरोपी इंस्टाग्राम पर “गैंगेस्टर प्रभात 50” नाम से गैंग संचालित कर रहे थे और सोशल मीडिया के जरिए गैंग संस्कृति को बढ़ावा दे रहे थे। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान और ऑपरेशन वज्रपात के तहत की गई।
मामले में अशफाक अहमद निवासी नेवादा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका पुत्र मोहम्मद सैफ अपने दोस्तों मोहम्मद अरहान और मोहम्मद इस्माईल के साथ मैच खेलकर लौट रहा था। आरोप है कि दुर्वाषा धाम के पास तीन युवकों ने उनकी मोटरसाइकिल रोककर गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और जबरन साथ ले जाने का प्रयास किया। इस दौरान मोहम्मद सैफ मौके से निकलने में सफल रहा, जबकि उसके दोनों दोस्तों को कथित तौर पर जबरन अपने साथ ले जाया गया।
कोतवाल देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।








