इंस्टाग्राम पर ‘5555 गैंग’ की दबंगई पड़ी भारी, आजमगढ़ पुलिस ने लीडर समेत 2 युवकों की कराई काउंसलिंग
आजमगढ़ में सोशल मीडिया पर दबंगई दिखाकर गैंग संस्कृति को बढ़ावा देने वालों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चल रहे “ऑपरेशन वज्रपात” के तहत फूलपुर पुलिस ने इंस्टाग्राम पर सक्रिय “5555 गैंग” को चिन्हित किया है।
पुलिस के अनुसार कुछ युवक इंस्टाग्राम पर गैंग के नाम से वीडियो और रील बनाकर क्षेत्र में दबंगई का प्रदर्शन कर रहे थे, जिससे आम लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बन रहा था। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गैंग के कथित लीडर रौनक उर्फ राजा बाबू और सदस्य प्रियांशु सिंह उर्फ मनन सिंह को उनके अभिभावकों सहित थाने बुलाया।
थाना परिसर में दोनों युवकों की काउंसलिंग की गई और उन्हें कानून-व्यवस्था, यातायात नियमों तथा सोशल मीडिया के दुरुपयोग से होने वाले कानूनी परिणामों की जानकारी दी गई। पुलिस ने गैंग से जुड़ी इंस्टाग्राम आईडी भी चिन्हित कर ली हैं और भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी है।
पुलिस ने अभिभावकों से भी बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखने और उन्हें शिक्षा, खेलकूद तथा सकारात्मक कार्यों के लिए प्रेरित करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि जनपद में गैंग संस्कृति और सोशल मीडिया पर दबंगई का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।








