आजमगढ़: फर्जी मदरसे के नाम पर सरकारी धन हड़पने का आरोपी गिरफ्तार, SIT जांच में फरार चल रहा था जितेंद्र सिंह चौहान
आजमगढ़, 1 जुलाई:
आजमगढ़ जिले के दीदारगंज थाना क्षेत्र में फर्जी मदरसे के नाम पर सरकारी अनुदान में हेराफेरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। राज्य विशेष अपराध अनुसंधान दल (SIT) की जांच में वांछित चल रहे आरोपी जितेंद्र सिंह चौहान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, यह मामला ग्राम पाइन्दापुर (फूलपुर) स्थित कथित मदरसा “गफ्फरुल ओलूम” से जुड़ा है। जांच में सामने आया कि मदरसा वास्तविक रूप से अस्तित्व में नहीं था, लेकिन कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार कर सरकारी योजनाओं का लाभ लिया गया और सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया।
इस प्रकरण में मदरसे के प्रबंधक, शिक्षक तथा मान्यता प्रक्रिया से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ पहले से मुकदमा दर्ज है और मामले की विवेचना जारी है। फरार चल रहे आरोपी जितेंद्र सिंह चौहान की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत दीदारगंज पुलिस ने बुधवार सुबह आजादनगर बाजार से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे न्यायिक प्रक्रिया के लिए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।








