टेलीग्राम पर ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर ठगी करने वाला साइबर अपराधी गिरफ्तार, 7 राज्यों से शिकायतें दर्ज
आजमगढ़। जनपद में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना साइबर क्राइम पुलिस ने टेलीग्राम के जरिए ऑनलाइन गेमिंग और गिफ्ट कोड का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह के एक शातिर सदस्य को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, प्रतिबिंब पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की जांच में स्वप्निल निवासी थाना पवई, जनपद आजमगढ़ का नाम सामने आया। 5 जुलाई को पूछताछ के दौरान उसके मोबाइल की जांच में ठोस डिजिटल साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
जांच में खुलासा हुआ कि स्वप्निल अपने फरार साथी राजशिखर सिंह उर्फ राजा टीजी के साथ मिलकर टेलीग्राम पर कई फर्जी चैनल और ग्रुप संचालित करता था। इनमें कैसीनो, रम्मी और लॉटरी गेम में गिफ्ट कोड व रेफरल कोड के जरिए मोटा मुनाफा दिलाने का लालच देकर लोगों से पैसे जमा कराए जाते थे। रकम मिलने के बाद पीड़ितों की टेलीग्राम आईडी ब्लॉक कर दी जाती थी और पैसे हड़प लिए जाते थे।
पुलिस के मुताबिक, ठगी की रकम अभियुक्त के चार बैंक खातों में मंगाई जाती थी। जांच में उसके खातों से जुड़े 7 एनसीआरपी शिकायतें विभिन्न राज्यों से मिली हैं। इनमें सबसे बड़ी शिकायत मुरादाबाद से दर्ज हुई, जिसमें 49.04 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है।
अभियुक्त के कब्जे से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और ₹1,800 नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। मामले में साइबर ठगी के पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।








