फर्जी इलाज में महिला की मौत: डॉक्टर और कम्पाउंडर 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार
आजमगढ़। दीदारगंज थाना क्षेत्र में फर्जी इलाज और कथित रूप से गलत इंजेक्शन लगाने से महिला की मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डॉक्टर और कम्पाउंडर को घटना के 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई को मृतका के पति ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि 3 जुलाई को उनकी पत्नी की तबीयत खराब होने पर गांव के एक निजी चिकित्सक से संपर्क किया गया। चिकित्सक ने अपने कम्पाउंडर के माध्यम से दवा और इंजेक्शन भिजवाया। इंजेक्शन लगने के कुछ ही देर बाद महिला की हालत गंभीर हो गई। परिजन उन्हें उपचार के लिए शाहगंज ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
शिकायत के आधार पर दीदारगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने 6 जुलाई की सुबह पल्थी बाजार-शाहगंज रोड तिराहे से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अशोक कुमार मौर्या निवासी ग्राम नौहरा और नीरज कुमार प्रजापति निवासी ग्राम कैथौली, थाना दीदारगंज के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में दोनों ने घटना के संबंध में अपना जुर्म स्वीकार किया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।








