दिल्ली-जयपुर हाईवे का हिस्सा धंसा, 10 किलोमीटर लंबा जाम; घंटों फंसे रहे हजारों वाहन
गुरुग्राम। गुरुग्राम की साइबर सिटी में मंगलवार दोपहर शुरू हुई तेज बारिश के बीच दिल्ली-जयपुर हाईवे पर बड़ा हादसा हो गया। नरसिंहपुर के पास हाईवे का एक हिस्सा अचानक धंस जाने से प्रशासन को तत्काल दो लेन बंद करनी पड़ी। इसके चलते दिल्ली-जयपुर हाईवे पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया और हीरो होंडा चौक से खेड़की दौला टोल प्लाजा तक करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। देर रात तक हजारों वाहन जाम में फंसे रहे।
हादसा मानेसर-जयपुर लेन पर हुआ, जिससे न्यू गुरुग्राम, सेक्टरों, मानेसर, बिलासपुर, धारूहेड़ा, रेवाड़ी और जयपुर सहित राजस्थान की ओर जाने वाले यात्रियों को घंटों तक भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़क धंसने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं तथा प्रभावित हिस्से को बैरिकेडिंग कर यातायात को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नरसिंहपुर में हाईवे के दोनों ओर बनी ड्रेनों को जोड़ने के लिए ट्रेंचलेस बैरल तकनीक से पाइप डालने का कार्य चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि निर्माण कार्य के दौरान मिट्टी कमजोर पड़ने और लगातार हो रही भारी बारिश के कारण सड़क का हिस्सा धंस गया। हालांकि, सड़क धंसने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
गुरुग्राम पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें और जाम से बचने के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।








