वन स्टॉप सेंटर में बालिका ने फांसी लगाई, एसएसपी ने किया मौका मुआयना, जांच शुरू
आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र स्थित वन स्टॉप सेंटर में एक बालिका द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटना से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों, कर्मचारियों तथा परिजनों से जानकारी ली।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच के दौरान वन स्टॉप सेंटर के कर्मचारियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, जबकि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि परिजनों की तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में किसी भी व्यक्ति की लापरवाही या संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिकता है।
पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।








