best news portal development company in india

आजमगढ़: ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पुलिस लाइन से लेकर थानों तक हुआ वृहद वृक्षारोपण

SHARE:

आजमगढ़: ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पुलिस लाइन से लेकर थानों तक हुआ वृहद वृक्षारोपण

आजमगढ़। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शनिवार को आजमगढ़ पुलिस ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत ज़िलेभर में व्यापक वृक्षारोपण किया। रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के नेतृत्व में अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और उनके परिवारजनों ने पौधे लगाए।

कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन की पत्नी मोहिता जैन, क्षेत्राधिकारी नगर की पत्नी अंजली, क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल, प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने फलदार, छायादार तथा औषधीय पौधों का रोपण किया। सभी ने पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी लिया।

इस अवसर पर मोहिता जैन ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण को स्वच्छ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि मानव जीवन और प्राकृतिक संतुलन की मज़बूत नींव हैं। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।

अभियान के तहत केवल पुलिस लाइन ही नहीं, बल्कि जनपद के सभी थाना परिसरों, पुलिस चौकियों और अन्य पुलिस इकाइयों में भी स्थानीय स्तर पर वृक्षारोपण किया गया। थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

आजमगढ़ पुलिस ने कहा कि यह अभियान समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और हरित एवं स्वच्छ भारत के संकल्प को मज़बूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। पुलिस विभाग ने भविष्य में भी ऐसे जनहित और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अभियानों में सक्रिय भागीदारी जारी रखने की बात कही।

Leave a Comment

Pelli Poola Jada
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई