अतरौलिया में युवक अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
आजमगढ़ के अतरौलिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार रखने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से एक देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।
पुलिस ने बताया कि नियमित जांच और गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि भीलमपुर छपरा स्थित एक खंडहर मकान के पास एक युवक अवैध हथियार के साथ मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार युवक की पहचान कप्तानगंज थाना क्षेत्र के एकडंगी गांव निवासी 23 वर्षीय सुनील यादव के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से .315 बोर का एक देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद होने का पुलिस ने दावा किया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।








