पैतृक संपत्ति विवाद में दादा-पोते की कुल्हाड़ी से हत्या, ₹50 हजार का इनामी आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
आजमगढ़/पवई। थाना पवई क्षेत्र के ग्राम हेवती में पैतृक संपत्ति के विवाद को लेकर दादा और पोते की कुल्हाड़ी से हत्या करने वाले ₹50 हजार के इनामी अभियुक्त संतोष यादव को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान अभियुक्त के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सीएचसी पवई में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार, 9/10 जुलाई 2026 की रात ग्राम हेवती में पैतृक भूमि के बंटवारे को लेकर संतोष यादव पुत्र स्व. सूर्यलाल उर्फ सनातन दास, निवासी ताराखुर्द, थाना मालीपुर, जनपद अम्बेडकरनगर ने अपने सगे दादा जगदम्बा प्रसाद और चचेरे भाई श्रीवांशु यादव उर्फ अंकित की धारदार कुल्हाड़ी से हत्या कर दी थी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था।
मामले में थाना पवई पर मुकदमा अपराध संख्या 172/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने ₹50,000 का इनाम घोषित किया था।
रसूलाबाद मोड़ के पास हुई मुठभेड़
पुलिस के मुताबिक, 21 जुलाई 2026 को थानाध्यक्ष मनीष पाल पुलिस टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित आरोपी हेवती-ओरिल मार्ग की ओर है। सूचना पर पुलिस ने रसूलाबाद मोड़ के पास घेराबंदी की।
पुलिस को देखकर आरोपी मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगा, लेकिन बारिश के कारण उसकी बाइक फिसल गई। घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
तमंचा, कारतूस और हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा और तीन खोखा कारतूस, हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, मोटरसाइकिल संख्या UP45W7734 और ₹600 नकद बरामद किया है।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि पैतृक संपत्ति के विवाद के चलते उसने दादा और चचेरे भाई की हत्या की थी। पुलिस ने मुठभेड़ के संबंध में थाना पवई में मुकदमा अपराध संख्या 180/2026 के तहत धारा 109(1) बीएनएस और 3/25/27 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।








