संयुक्त किसान मोर्चा ने राष्ट्रपति के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, निजीकरण समेत कई मुद्दों पर उठाई आवाज
लालगंज (आजमगढ़)। संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले बुधवार को तहसील परिसर लालगंज में दर्जनों किसानों ने प्रदर्शन कर उपजिलाधिकारी नेहा मिश्रा को राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। किसानों ने केंद्र सरकार से बिजली, शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों के निजीकरण के फैसलों को वापस लेने और किसानों-मजदूरों से जुड़े कई मुद्दों पर कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में किसानों ने मांग की कि गरीब, मजदूर और भूमिहीन किसानों के मकानों पर बुलडोजर की कार्रवाई न की जाए, भले ही भूमि ग्रामसभा की हो। इसके अलावा दलित, आदिवासी, अल्पसंख्यक, पिछड़े वर्ग तथा अन्य शोषित एवं वंचित समुदायों के उत्पीड़न और अपमान पर रोक लगाने की भी मांग की गई। किसानों ने सभी फसलों की सरकारी खरीद सुनिश्चित करने, किसान एवं मजदूरों की व्यापक कर्जमाफी की घोषणा करने तथा चार श्रम संहिताओं और बीबीजीरामजी एक्ट-2025 को वापस लेने की मांग भी उठाई। इस दौरान बसंत, नंदलाल, जगनंदन, पंचदेव, फिरतू, बृजनाथ, राजदेव, दीपचंद्र, भोला सहित संयुक्त किसान मोर्चा के कई कार्यकर्ता और किसान मौजूद रहे।








