पैमाइश के नाम पर रिश्वत लेने का आरोप, कानूनगो के खिलाफ एसडीएम से शिकायत
फरिहा (आजमगढ़)। निजामाबाद तहसील क्षेत्र के बसिरहा गांव निवासी राहुल कुमार ने क्षेत्रीय कानूनगो राकेश पांडे पर खेत की पक्की पैमाइश के नाम पर रुपये लेने और बाद में अतिरिक्त धनराशि की मांग करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने इस संबंध में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) निजामाबाद चंद्र प्रकाश सिंह को लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है।शिकायत के अनुसार, राहुल कुमार का आरोप है कि उन्होंने अपने खेत की पक्की पैमाइश कराने के लिए कानूनगो को 8 हजार रुपये दिए थे। इसके बावजूद अब तक पैमाइश नहीं कराई गई। आरोप है कि अब पैमाइश कराने के लिए उनसे 10 हजार रुपये अतिरिक्त मांगे जा रहे हैं। अतिरिक्त रकम न देने पर पैमाइश लगातार टाली जा रही है, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पीड़ित ने एसडीएम से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए शीघ्र पैमाइश कराने और दोषी के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में उपजिलाधिकारी निजामाबाद चंद्र प्रकाश सिंह ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।








