फार्मर रजिस्ट्री व अंश संशोधन कार्य की समीक्षा, लापरवाही पर लेखपालों व राजस्व निरीक्षकों को फटकार
लालगंज (आजमगढ़)। शासन की मंशा के अनुरूप जिलाधिकारी के निर्देश पर संचालित फार्मर रजिस्ट्री एवं अंश संशोधन अभियान की बुधवार शाम तहसील लालगंज में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्व, कृषि, विकास एवं पंचायत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के कार्यों का मूल्यांकन किया गया।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि दिनभर में 84 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री की गई। तहसीलदार उमेश सिंह ने कार्य की प्रगति पर असंतोष जताते हुए राजस्व निरीक्षकों और लेखपालों पर लापरवाही एवं शिथिलता बरतने का आरोप लगाया। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
तहसीलदार ने चेतावनी दी कि यदि फार्मर रजिस्ट्री, अंश संशोधन अथवा नाम संशोधन को लेकर किसी भी किसान की शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित राजस्व, कृषि, पंचायत एवं अन्य विभागों के जिम्मेदार कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने किसानों से अपील की कि जिन कास्तकारों को फार्मर रजिस्ट्री, अंश संशोधन या नाम संशोधन कराना है, वे आवश्यक अभिलेखों के साथ तहसील कार्यालय पहुंचकर संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें, ताकि उनका कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके।







