नशा मुक्ति अभियान के लिए मसुविवि में विश्वविद्यालय स्तरीय समिति गठित, वार्षिक कैलेंडर जारी
आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय (मसुविवि) में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के प्रभावी संचालन और जन-जागरूकता के उद्देश्य से विश्वविद्यालय स्तरीय समिति का गठन किया गया है। राजभवन एवं उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने प्रो. अजीत प्रसाद राय की अध्यक्षता में समिति का गठन किया। गुरुवार को कुलपति सभागार में आयोजित पहली बैठक में जुलाई 2026 से अप्रैल 2027 तक अभियान के वार्षिक कार्यक्रमों का कैलेंडर जारी किया गया।
विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी के अनुसार अभियान की शुरुआत कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने समिति के सदस्यों को नशामुक्ति की शपथ दिलाकर की। कुलसचिव कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार समिति के अध्यक्ष प्रो. अजीत प्रसाद राय होंगे। समिति में डॉ. शशि प्रकाश शुक्ल, डॉ. देवेंद्र पाण्डेय, डॉ. परमानन्द पाण्डेय, डॉ. हरेंद्र सिंह प्रजापति, डॉ. सचिन राय, डॉ. मनीषा सिंह, आदर्श मिश्रा, शांभवी तिवारी एवं सूर्य प्रकाश अग्रहरी को सदस्य बनाया गया है, जबकि सहायक कुलसचिव चन्दन कुमार सदस्य सचिव होंगे।
समिति नशा मुक्ति अभियान के तहत आयोजित होने वाली गतिविधियों की योजना, संचालन, जन-जागरूकता, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय तथा शासन के निर्देशों के अनुपालन की जिम्मेदारी निभाएगी।
बैठक में जारी वार्षिक कैलेंडर के अनुसार 28 जुलाई को पैदल मार्च से अभियान की शुरुआत होगी। इसके बाद 4 अगस्त को पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिता, 8 सितंबर को अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर जन-जागरूकता रैली, 2 अक्टूबर को स्वच्छता अभियान, 3 नवंबर को एक दिवसीय सेमिनार, 12 जनवरी 2027 को राष्ट्रीय युवा दिवस पर नुक्कड़ नाटक, 4 फरवरी को विश्व कैंसर दिवस पर योग कार्यक्रम, 2 मार्च को व्याख्यान एवं जनसंपर्क अभियान तथा 6 अप्रैल को लघु फिल्म प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है। इसके लिए शैक्षणिक संस्थानों, युवाओं और समाज की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने समिति को अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने के लिए रचनात्मक और प्रभावी कार्यक्रम संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं आमजन से नशा मुक्ति अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।








