एफएलएन प्रशिक्षण से गणित व भाषाई दक्षता होगी मजबूत, 590 शिक्षकों को मिलेगा प्रशिक्षण
सगड़ी (आजमगढ़)। नई शिक्षा नीति-2020 के तहत निपुण भारत मिशन के अंतर्गत ब्लॉक संसाधन केंद्र हरैया में शिक्षकों एवं शिक्षा मित्रों के लिए पांच दिवसीय एफएलएन (फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरेसी) प्रशिक्षण का आयोजन किया जा रहा है। प्रशिक्षण के माध्यम से शिक्षकों को प्राथमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों में भाषाई एवं गणितीय दक्षता विकसित करने के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है।

ब्लॉक सभागार में आयोजित इस प्रशिक्षण में कुल 590 शिक्षक एवं शिक्षा मित्र शामिल होंगे। प्रशिक्षण का आयोजन छह चरणों में किया जाएगा। पहले चरण में प्रतिदिन 100 प्रतिभागियों को दो बैचों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिसमें प्रत्येक बैच में 50 शिक्षक शामिल हैं।
दूसरे दिन के प्रशिक्षण में अधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण में शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि बिना उचित कारण अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

प्रशिक्षण का उद्देश्य कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों को भाषाई ज्ञान, गणितीय दक्षता तथा प्रारंभिक सामाजिक एवं अन्य विषयों की मूलभूत समझ विकसित कर निपुण भारत लक्ष्य प्राप्त करना है। इसके माध्यम से बच्चों में सीखने के प्रति रुचि बढ़ेगी और वे आगे की शिक्षा में आत्मविश्वास के साथ बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।
खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि एफएलएन प्रशिक्षण से शिक्षकों की कार्यक्षमता बढ़ेगी, जिसका सीधा लाभ विद्यार्थियों को मिलेगा। प्रशिक्षण में भाषा, गणित एवं अन्य आधारभूत विषयों को सरल और प्रभावी तरीके से पढ़ाने की तकनीकों पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण का संचालन सूर्य प्रकाश राय, ज्ञानेंद्र यादव, नारायण मिश्रा, अविनाश पटेल और अमित राय द्वारा किया जा रहा है। इस अवसर पर कांत किशोर दुबे, बृजेश मौर्य, कमलेश यादव, अरुण सिंह, जमीरुल हसन, रविंद्र यादव, राकेश, दिनेश यादव, प्रियंका सहित अन्य शिक्षक एवं शिक्षा मित्र उपस्थित रहे।








