श्रावण मास से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 12 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे
आजमगढ़, 24 जुलाई 2026। आगामी श्रावण मास और त्योहारों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जनपद में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अजय कुमार तिवारी के नेतृत्व में गठित सचल दल ने विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर 12 खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए, जिन्हें जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है।

अभियान के दौरान निजामाबाद से पनीर एवं रिफाइंड सोयाबीन ऑयल, सरसेना खालसा से पनीर एवं सोयाबीन रिफाइंड ऑयल, गंभीरपुर से रिफाइंड सोयाबीन ऑयल एवं कलाकंद बर्फी, महाराजगंज से गुलाब जामुन, लाटघाट से बर्फी, जहानागंज से मूंगफली का दाना, परानापुर से दूध, छितौनी से अरहर दाल तथा बूढ़नपुर से सरसों के तेल का नमूना संग्रहित किया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों को निर्देश दिए कि वे अपने प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखें, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करें तथा खाद्य विभाग द्वारा जारी पंजीकरण प्रमाणपत्र को प्रतिष्ठान पर प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित करें।

अभियान के दौरान सचल खाद्य प्रयोगशाला के माध्यम से खाद्य कारोबारियों और आम नागरिकों को खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही फूड सेफ्टी कनेक्ट ऐप का प्रचार-प्रसार करते हुए इसके स्टिकर भी विभिन्न प्रतिष्ठानों पर लगाए गए।
सहायक आयुक्त (खाद्य)-II एवं अभिहित अधिकारी सुशील कुमार मिश्र ने बताया कि श्रावण मास एवं आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए मिलावटखोरों के विरुद्ध यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे खुले में रखे अथवा अस्वच्छ परिस्थितियों में संग्रहीत खाद्य पदार्थों का सेवन न करें और केवल सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री ही खरीदें।
इस अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय कुमार तिवारी, रजनीश कुमार, सुचित प्रसाद, शीत कुमार सिंह, लालमनी यादव, गोविन्द यादव, बिरेन्द्र यादव, राजीव कुमार सिंह तथा बेबी सोनम शामिल रहे।








