महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ का शुभारंभ, कुलपति ने दिलाई नशा न करने की शपथ
आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय में शनिवार को कुलपति प्रो. संजीव कुमार के नेतृत्व में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ का विधिवत शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत विश्वविद्यालय परिसर में शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने पैदल मार्च निकालकर नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया

विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी के अनुसार, अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रो. अजीत कुमार के संयोजकत्व में आयोजित पैदल मार्च विश्वविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर मुख्य द्वार तक गया और पुनः परिसर में आकर संपन्न हुआ। प्रतिभागियों के हाथों में “नशा मुक्त समाज, स्वस्थ भारत” तथा “युवा पीढ़ी का भविष्य बचाएं” जैसे जागरूकता संदेशों वाली तख्तियां थीं।
मार्च के समापन पर कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने सभी शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं को नशा न करने तथा समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। युवाओं को नशे की बुराइयों से बचाकर राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनाना सभी की नैतिक जिम्मेदारी है और ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ इस दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
इस अवसर पर अभियान समिति के अध्यक्ष प्रो. अजीत प्रसाद, कुलसचिव अमृतलाल, परीक्षा नियंत्रक आनंद कुमार, कुलसचिव डॉ. महेश कुमार चंदन, डॉ. देवेंद्र, डॉ. शशि प्रकाश, डॉ. परमानंद, डॉ. हरेंद्र, प्रजापति, डॉ. सचिन, डॉ. मनीषा, आदर्श, शांभवी तथा कुलपति के निजी सहायक भूपेंद्र पांडे सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि जुलाई 2026 से अप्रैल 2027 तक अभियान के अंतर्गत संगोष्ठियों, कार्यशालाओं, नुक्कड़ नाटकों, पोस्टर प्रतियोगिताओं और जागरूकता रैलियों का आयोजन कर समाज में नशामुक्ति के प्रति व्यापक जनजागरण किया जाएगा।








