आजमगढ़: कुवैत में नौकरी दिलाने के नाम पर ₹2.24 लाख की ठगी, फर्जी वीजा-टिकट देने वाला आरोपी गिरफ्तार
आजमगढ़ की सरायमीर थाना पुलिस ने विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ₹2.24 लाख की ठगी करने और फर्जी वीजा व हवाई टिकट उपलब्ध कराने के आरोप में एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, गंगापुर बिजौरा निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने उसके दो रिश्तेदारों को कुवैत में नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाकर अलग-अलग किश्तों में कुल ₹2.24 लाख ले लिए। इसके बाद उन्हें कुवैत का वीजा और हवाई टिकट उपलब्ध कराया गया।
शिकायत के मुताबिक, दिल्ली एयरपोर्ट पर दस्तावेजों की जांच के दौरान वीजा और टिकट फर्जी पाए गए। जब पीड़ित पक्ष ने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने कथित रूप से अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
मामले में दर्ज मुकदमे की जांच के दौरान पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 27 जुलाई को खरेवां मोड़ के पास से गोरखपुर जनपद के शाहपुर थाना क्षेत्र निवासी संदीप ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।







