आजमगढ़: तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, चालक वाहन सहित फरार
आजमगढ़। रानी की सराय थाना क्षेत्र के शहीदवारा बाजार में मंगलवार सुबह एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, खैरपुर जगजीवन गांव निवासी 26 वर्षीय किशन कुमार बाइक से आजमगढ़ की ओर जा रहे थे। शहीदवारा बाजार के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा फरार कार और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।
बताया गया कि मृतक अपने गांव के पास मुर्गे की दुकान चलाते थे। वह चार भाइयों में तीसरे नंबर पर थे। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फरार वाहन की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








